Loading ...
बिलासपुरस्वास्थ्य

सिम्स हॉस्पिटल में मनाया गया विश्व कैंसर दिवस , “शीघ्र निदान शीघ्र उपचार” का दिया संदेश ।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में शनिवार को “विश्व कैंसर दिवस” मनाया गया।

इस अवसर पर कैंसर के प्रति आम लोगो को जागरूक करने हेतु “शीघ्र निदान शीघ्र उपचार” का संदेश दिया गया। साथ ही डॉक्टरों की टीम ने कहा कि आज से 10 वर्ष पूर्व तक जनसंख्या के एक बहुत बड़े हिस्से में मृत्यु का कारण मलेरिया, संक्रमण से होने वाली बीमारी जैसे उल्टी दस्त आदि का वर्चस्व था। परंतु बदलते हुए समय,परिवेश, खान-पान और जीवनशैली के कारण वर्तमान परिदृश्य में बी पी, शुगर, थाइराइड, और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों ने अपना स्थान बना लिया है। कैंसरों में भी भाँति भाँति प्रकार के कैंसर के केसों ने प्रचुरता से समाज को प्रभावित किया है।

आंकड़ों की बात करें तो सिम्स हॉस्पिटल के नाक, कान, गला रोग विभाग में ही पिछले एक वर्ष में 100 से ज्यादा मुंह, जीभ और गले के कैंसर के केस ईलाज हेतु पहुंचे, जहां जीभ,गाल,और गले के कैंसर प्रभावित भाग को सर्जरी द्वारा निकाल कर आवश्यकतानुसार कीमो थेरेपी/रेडियो थेरेपी हेतु सम्बन्धित विभाग को भेज दिया जाता है ।लाभान्वित मरीज़ों की अच्छी खासी संख्या नियमित सिम्स हॉस्पिटल फॉलोअप में भी पहुँच रही हैं ।

सिम्स हॉस्पिटल के नाक कान गला रोग विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ आरती पाण्डेय के मार्गदर्शन में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ वी बी साहू, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ श्वेता मित्तल, सीनियर रेजिडेंट डॉ अंजली, समस्त पी जी स्टूडेंट्स के द्वारा निश्चेतना विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ राकेश निगम,डेंटल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ संदीप प्रकाश के निरंतर सामंजस्य एवं सहयोग से इन कठिन किन्तु जीवन रक्षक सर्जरियों का सफल संचालन किया जा रहा है।