
बिलासपुर। कॉलेज परिसर के अंदर बाहरी असामाजिक तत्वों द्वारा कॉलेज में पढ़ रही छात्राओं के साथ छेड़छाड़ व दुर्व्यवहार को लेकर के आर लॉ कॉलेज के प्राचार्य का एनएसयूआई बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव के नेतृत्व में घेराव किया गया।

एनएसयूआई अध्यक्ष विक्की यादव ने बड़ी संख्या में छात्र छात्राओ के साथ प्राचार्य का घेराव किया और उन्होंने मांग किया कि महाविद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाय।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिसर में घुसकर बाहरी व्यक्तियों के द्वारा छात्राओं के साथ आएं दिन छेड़खानी एवम दुर्व्यवहार किया जा रहा है। जिस पर तत्काल रोक लगाते हुए असामाजिक तत्वों एवम बाहरी व्यक्ति के कॉलेज परिसर में घुसने पर रोक लगाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्राचार्य सतीश तिवारी को छात्राओं के द्वारा लगातार शिकायत करने के बाद भी आज तक कोई बड़ी कार्यवाही नहीं की गई। जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद है और उन्हें बढ़ावा मिल रहा है। जिसके विरोध में आज NSUI ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर छात्रहित में प्राचार्य का घेराव करते हुए मांग की है कि महाविद्यालय परिसर में तत्काल बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जावे। साथ ही महाविद्यालय की समस्याओ को लेकर एक पांच सूत्री ज्ञापन भी एनएसयूआई ने प्राचार्य को सौपा है।
एनएसयूआई छात्र नेताओ ने कहा है कि महाविद्यालय की उक्त सभी समस्याओं का निदान यदि 15 दिनो के अंदर नहीं किया जाता है, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।