बीजेपी मेयर प्रत्याशी पूजा विधानी की जाति को लेकर बीजेपी- कांग्रेस के बीच छिड़ी जंग, कांग्रेस ने बीजेपी प्रत्याशी की जाति पर जताई आपत्ति, जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया आपत्ति खारिज

बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर ओबीसी के लिए आरक्षित सीट है। जिस पर पिछड़ा वर्ग के प्रत्याशी ही महापौर पद के लिए चुनाव लड़ सकते है।
कांग्रेस पार्टी ने पिछडा वर्ग से प्रमोद नायक को अपना उम्मीदवार बनाया है। वही बीजेपी ने एक महिला उम्मीदवार पूजा विधानी को अपना उम्मीदवार बनाया है जिसकी जाति को लेकर कांग्रेस खेमे में बवाल मचा हुआ है।
अटल श्रीवास्तव (विधायक कोटा)
दरअसल बीजेपी की महापौर प्रत्याशी एल पद्मजा उर्फ पूजा विधानी जिन्होंने अशोक विधानी से अंतर्जातीय विवाह किया है, विवाह के पूर्व उनका नाम एल. पद्मजा थी जो उड़िया तेलुगु समाज से आती है। उनका कहना है कि वह पिछड़ा वर्ग से आती है। लेकिन कांग्रेस पार्टी के लोगों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में उनकी जाति को पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में रखा ही नहीं गया है। और उनकी जाति को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी ने जिला निर्वाचन अधिकारी के पास अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। लेकिन जिला निर्वाचन अधिकारियों के द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी को जाति प्रमाण पत्र की कोई कॉपी न देकर सिर्फ दूर से दिखा कर कांग्रेस की आपत्ति को खारिज कर दिया गया। जिसे लेकर कांग्रेस पार्टी बेहद नाराज है और अब इस मामले को कांग्रेस हाइकोर्ट लेकर जाने का मन बना लिया है।
इस विषय को लेकर आज कांग्रेस के कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कांग्रेस के शहर एवं ग्रामीण अध्यक्षों के साथ प्रेसवार्ता कर बीजेपी महापौर प्रत्याशी एल पद्मजा उर्फ पूजा विधानी की जाति को लेकर बड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रत्याशी तेलुगु समाज से आती है,उनकी माता ,उनकी बहन , उनके पिता जो रेलवे में ड्राइवर थे सभी सामान्य वर्ग से आते है। उनके समाज के कई लोगों ने भी यह जानकारी दी है कि वे सामान्य वर्ग से आते है तो फिर एल पद्मजा पिछड़ा वर्ग की कैसे हो गई।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में जब कांग्रेस पार्टी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से प्रमाण पत्र मांगा तो उन्होंने दूर से सिर्फ दिखाया। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि मिली भगत कर जनता से कुछ सच्चाई छुपाई जा रही है।
वही बीजेपी से महापौर उम्मीदवार एल. पद्मजा उर्फ पूजा विधानी ने इस आरोपों के जवाब में कहा है कि कांग्रेस का आरोप निराधार है । मै उड़िया तेलगु हूं, मेरा जन्म बिलासपुर , छत्तीसगढ़ में हुआ है,मेरी पूरी शिक्षा बिलासपुर में हुई है। मेरे पास सारे दस्तावेज उपलब्ध है आगे जरूरत पड़ी तो वे सारे दस्तावेज मै उपलब्ध करा सकती हूं। मेरा जाति प्रमाण पत्र 1995 का बना हुआ है जिसमें एसडीएम का अनुमोदन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार से डरी हुई है इसलिए इस तरह का प्रपंच कर रही है।