Loading ...
कोटा

बच्चे भगवान का रूप होते हैं, फिर भी क्यों नहीं खत्म हो रही है बाल मजदूरी ?जानिए कोटा में स्थित गांव गौरखुरी में बाल मजदूरी की स्थिति

कोटा। सरकार के लाख प्रयास के बावजूद भी बाल मजदूरी जिले में समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। हद तो यह है कि श्रम विभाग भी खुलेआम हो रही बाल मजदूरी पर चुप्पी साधे हुए है। शिक्षा के अधिकार जैसे कानून भी ऐसे आदिवासी बच्चों को बाल मजदूरी के जाल से बाहर नहीं निकाल पा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बगधरा सरगोड से गौरखुरी तक करोड़ों की लागत से बन रही सड़क में नाबालिग बच्चों से काम करवाया जा रहा है। शर्मनाक बात यह है कि हल्का फुल्का नहीं, बल्कि भारी भरकम काम इनसे लिया जा रहा है। आदिवासी सरकार होने के बावजूद आदिवासी बच्चे शिक्षा से वंचित मजदूरी करने को मजबूर है।

आपको बता दे कोटा क्षेत्र के आदिवासी बहुल ग्राम बगधरा- गौरखुरी मार्ग में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PM Janman) के तहत लगभग 3.2 किलोमीटर की सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें 6 पुलियों का निर्माण भी किया जाना है। जिसके लिए शासन से 210:30 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की हुई है। इस निर्माण कार्य का टेंडर में.सुनील अग्रवाल रायगढ़ को मिला हुआ है।  जिसके निर्माण कार्य की शुरुआत 13/ 3/ 2024 को शुरू कर 12 /03/2025 को पूर्ण करना है।

इस सड़क को बनाने में ठेकेदार द्वारा ग्रामीण आदिवासी नाबालिक मजदूरों को काम पर लगाया गया है। बाल मजदूरी करवाया जा रहा है। इन 15 – 16 वर्ष के मासूम बच्चो को तपती धूप में सड़क की खुदाई के काम दिया गया है। इन मासूम आदिवासी बच्चों को कुछ पैसों का लालच देकर ठेकेदार द्वारा सड़क खुदाई जैसे काम लिया जा रहा है। जिस उम्र में इन बच्चों को स्कूल जाना चाहिए वे बाल मजदूरी कर रहे है।

एक तरफ सरकार बाल मजदूरी को खत्म करने अनेक विज्ञापनों के माध्यम से प्रचार प्रसार कर रही है एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा पर अनेक योजनाएं चला रही है । वही कुछ उद्योगपति/ ठेकेदार अपने निजी स्वार्थों के लिए इन मासूम आदिवासी बच्चों का भविष्य बर्बाद करने पर लगे हुए है। शासन को तत्काल इस विषय को संज्ञान में लेकर ऐसे ठेकेदारों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिए । जो मासूम बच्चो के भविष्य निर्माण में सहायक बनने के बजाय अपने निजी स्वार्थ के लिए इनसे गैर कानूनी ढंग से काम ले रहे है। और इनके उज्ज्वल भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे है।