
बिलासपुर। बिलासपुर में सब इंजीनियर की भर्ती परीक्षा में एक हाईटेक नकल करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। जिसका भंडाफोड़ NSUI के दो छात्र नेताओ ने की।

व्यापम द्वारा आयोजित पीडब्ल्यूडी विभाग के उप अभियंता पद के लिए आज सुबह 10:00 से 12:15 तक परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसका सेंटर बिलासपुर शहर के सरकंडा स्थित शासकीय रामदुलारे बालक उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा को बनाया गया था। यहां एक छात्रा परीक्षा दिलाने आई हुई थी। बाहर उसकी सहेली ऑटो में बैठकर गूगल से सवालों का जवाब सर्च कर वॉकी टॉकी से परीक्षा केंद्र में बैठी अपनी सहेली को बता रही थी। परीक्षा दिलाने बैठी उसकी सहेली अपने ऊपर के अंतर वस्त्रों में कैमरा छुपा कर रखी थी जिसका डिस्प्ले बाहर बैठी सहेली के मोबाइल पर दिख रहा था। जिससे वह मोबाइल से प्रश्नों को देखने के बाद गूगल में आंसर सर्च कर अंदर वॉकी-टॉकी के माध्यम से छात्रा को बता रही थी।

इसी दौरान एनएसयूआई दो छात्र नेता युवक विकास सिंह और मयंक सिंह गौतम ने ऑटो में बाहर बैठी छात्रा को सहेली को नकल करवाते हुए पकड़ लिया। उससे पूछताछ की गई और पूछा गया कि अंदर कैमरा लेकर जो परीक्षार्थी परीक्षा दिला रही है उसका नाम क्या है? शुरू में तो वह मुकरती रही फिर छात्र नेताओं से पूछने लगी कि उन्हें क्या चाहिए वह क्यों ऐसा कर रहे हैं। जब दोनों छात्र नेताओं ने पुलिस बुलाने की धमकी दी और परीक्षा हाल में अंदर जाकर सभी छात्राओं की चैकिंग करवाने की धमकी दी। तब भी परीक्षा केंद्र के बाहर वॉकी टॉकी लेकर बैठी युवती ने अपनी सहेली का नाम नहीं बताया।
पूछताछ करते 12:15 बज गए और परीक्षा खत्म हो गई तब अंदर कैमरा लेकर परीक्षा दिला रही छात्रा बाहर निकली। अपनी सहेली को छात्र नेताओं से घिरा देख वह हड़बड़ा गई और डरकर दौड़कर भागने लगी। उसने चिल्लाकर अपनी सहेली को भी भगाने के लिए कहा। छात्र नेताओं ने वहां मौजूद अन्य युवतियों और छात्राओं के माध्यम से परीक्षा दिला रही छात्रा को पकड़ा। उसे वापस परीक्षा केंद्र में लाया गया और केंद्राध्यक्ष तथा परीक्षा ड्यूटी कर रहे अन्य परीक्षकों को सूचना देकर छात्रा की तलाशी लेने को कहा गया। महिला परीक्षकों द्वारा ली गई तलाशी में छात्रा के अंतर्वस्त्रों में टेप से चिपका कैमरा और माइक मिला । बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं अंबिकापुर से परीक्षा दिलाने आई थी।