Loading ...
राजनीतिरायपुर

माटी,ममता और मातृभूमि के लिए छत्तीसगढ़ की बहनों का भावुक “सिपाही रक्षा सूत्र” अभियान, देश के जवानों के लिए भेजे 4 लाख 25 हजार रक्षा सूत्र

रायपुर। देश की रक्षा में तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट करते हुए महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ ने ‘सिपाही रक्षा सूत्र कार्यक्रम‘ के तहत पूरे प्रदेश की बहनों को एकजुट कर एक अनूठी पहल की। राजधानी रायपुर के शंकर नगर भारत माता चौक में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिक महेंद्र सिंह राणा और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के नेतृत्व में देशभर के सिपाहियों के लिए राखी और तिलक हेतु चंदन व माटी एकत्र की गई।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत रही कि छत्तीसगढ़ के सभी जिलों, अस्पतालों, हॉस्टलों, स्कूल-कॉलेजों, महिला बाल विकास विभाग, और सामाजिक संगठनों से कुल 4,25,994 रक्षा सूत्र और एक चुटकी छत्तीसगढ़ की पावन माटी भेजी गई, ताकि सीमाओं पर तैनात भाईयों की कलाई सूनी न रहे और उन्हें अपनी मिट्टी की सौंधी खुशबू का आभास हो।

इस अवसर पर ‘सिपाही रथ’ को प्रदेशभर में भ्रमण के लिए रवाना किया गया, जो रायपुर से शुरू होकर अंबिकापुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगा। रथ के माध्यम से सभी जिलों से एकत्र राखियों को स सम्मान जवानों तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य रूप से खेल मंत्री टंकराम वर्मा, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, महिला मोर्चा महामंत्री विभा अवस्थी, सह कोषाध्यक्ष हेमलता शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी आयुषी पांडेय, जिला अध्यक्ष सीमा साहू, मिनी पांडे (कार्यालय मंत्री), शक्ति मोहन कुमारी, हरशिला रूपाली, ममता गुप्ता, सुधा मिश्रा, सुलोचना यादव, मोनिका देवांगन, ममता राणा, चंद्रकला पटेल, अनूप खेलकर, पार्षद संतोष साहू सहित कई समाजसेवी महिलाएं एवं पदाधिकारी उपस्थित रहीं।

इस पहल ने यह सिद्ध कर दिया कि छत्तीसगढ़ की बहनों के दिल में देशभक्ति सिर्फ शब्द नहीं, एक जीवन मूल्‍य है। रक्षाबंधन से पहले देश की सीमाओं पर तैनात हर भाई की कलाई पर बहनों का प्यार पहुँचे – यही इस अभियान का उद्देश्य है।