
बिलासपुर,। जिले के एनटीपीसी सीपत प्लांट में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने एक बार फिर से प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यूनिट-5 में चल रहे मेंटेनेंस कार्य के दौरान प्री-एयर हीटर का प्लेटफॉर्म अचानक टूटकर गिर गया, जिससे नीचे काम कर रहे पांच संविदा मजदूर चपेट में आ गए।
एक मजदूर की मौत की पुष्टि
इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतक मजदूर की पहचान श्याम साहू के रूप में हुई है, जिसकी इलाज के दौरान सिम्स अस्पताल में मौत हो गई। एक अन्य मजदूर की हालत बेहद नाजुक है, जिसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी तीन मजदूरों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
यूनिट 5 में हुआ हादसा
हादसा दोपहर 12 बजे के करीब हुआ
जानकारी के अनुसार, बुधवार को यूनिट-5 को शटडाउन कर मरम्मत का काम किया जा रहा था। इसी दौरान भारी-भरकम जाली और लोहे की संरचना अचानक नीचे गिर गई, जिससे नीचे काम कर रहे मजदूर दब गए।
एनटीपीसी प्रबंधन ने की पुष्टि
एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल मजदूरों में से तीन को एनटीपीसी अस्पताल, एक को सिम्स और एक को अपोलो अस्पताल भेजा गया था। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
सवालों के घेरे में सुरक्षा इंतजाम
इस हादसे के बाद एक बार फिर से प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और निरीक्षण प्रक्रियाओं पर सवाल उठ रहे हैं। मेंटेनेंस जैसे कार्यों के दौरान उचित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, यह जांच का विषय है।
प्रशासन की टीम पहुंची
स्थानीय प्रशासन और श्रम विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। मजदूर संगठनों ने इस हादसे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
(जनसंपर्क अधिकारी),
एनटीपीसी,सीपत,बिलासपुर