Loading ...
बिलासपुरराजनीति

जिला कांग्रेस कमेटी ने किया सीएसईबी कार्यालय तिफरा का घेराव, 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने की मांग

बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) ने बुधवार को सीएसईबी कार्यालय, तिफरा का घेराव कर छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने ईडी अंबष्ट को ज्ञापन सौंपा और सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया।

घेराव से पूर्व कांग्रेस भवन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें शहर अध्यक्ष विजय पांडेय और ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने पत्रकारों को संबोधित किया। इसके बाद दोपहर 2 बजे कांग्रेसजन कांग्रेस भवन से रवाना होकर तिफरा स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में हाथ से झेलने वाले पंखे रखे थे, वहीं ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी टेबल फैन लेकर पहुंचे, जो महंगी बिजली और गर्मी के प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल हुआ। तिफरा कार्यालय के दोनों प्रवेश द्वारों पर बिजली विभाग द्वारा ताले जड़ दिए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।

कांग्रेस की मांगें और आरोप

ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि…. पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजना से 44 लाख उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार ने योजना को बंद कर सिर्फ 100 यूनिट तक ही छूट लागू की है, जिससे अब एक यूनिट भी अधिक जलने पर उपभोक्ता को पूरा बिल चुकाना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने डेढ़ साल में चार बार बिजली दरों में वृद्धि की है, जिसमें कृषि क्षेत्र पर सबसे अधिक बोझ पड़ा है। स्मार्ट मीटरों की गड़बड़ियों से उपभोक्ताओं को हजारों रुपये का बिल थमाया जा रहा है।

शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि… छत्तीसगढ़ जैसे विद्युत उत्पादक राज्य में जनता को महंगी बिजली खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की प्राकृतिक संपदाएं — जल, जंगल और जमीन — उद्योगपतियों को बेची जा रही हैं, और इससे न सिर्फ पर्यावरण दूषित हो रहा है बल्कि वन्यजीव-मानव संघर्ष भी बढ़ा है।

भाजपा सरकार पर तीखा हमला

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों की कठपुतली बन चुकी है और छत्तीसगढ़ को “राख के ढेर” में बदलने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल और गैस की कीमतों ने पहले ही जनता की कमर तोड़ दी है, ऐसे में 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को बंद करना आमजन के साथ सीधा अन्याय है।

प्रदर्शन में बड़ी भागीदारी

घेराव में तखतपुर, मस्तूरी, बेलतरा, बिल्हा सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल समेत अन्य अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

प्रमुख उपस्थित नेताओं में पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, रश्मि सिंह, राजेन्द्र शुक्ला, महेंद्र गंगोत्री, रविंद्र सिंह, जितेंद्र पांडेय, शेख असलम, गीतांजलि कौशिक, राजू यादव, सीमा घृतेश, शहज़ादी कुरैशी, अन्नपूर्णा ध्रुव, मोहन श्रीवास, सुनील सोनकर, आदेश पांडेय, राजेश ताम्रकार, गौरव सिंह, रामकृष्ण राव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।




📌 कांग्रेस की मुख्य मांग:

100 यूनिट हाफ योजना बंद कर पूर्व की 400 यूनिट हाफ योजना बहाल की जाए

बिजली दरों में बढ़ोतरी पर रोक लगे

स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों की जांच हो

छत्तीसगढ़ की बिजली को सस्ती दर पर जनता को मुहैया कराई जाए।