Loading ...
बिलासपुरराजनीति

कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन : अपराध रोकथाम और स्कूलों में किताब-गणवेश वितरण की मांग

बिलासपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी 01 ने 2 सितम्बर को ज़िला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शहर में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने और स्कूलों में निःशुल्क पुस्तक एवं गणवेश का वितरण जल्द शुरू करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय, ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व महापौर रामशरण यादव, प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन, समीर अहमद, सीमा घृतेश सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे।

शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि “बिलासपुर एक शांतप्रिय शहर है, लेकिन लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। अब तो स्कूल क्षेत्र में भी चाकूबाजी जैसी घटनाएं हो रही हैं। भाजपा को केवल सत्ता सुख चाहिए, जनता की परेशानी से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है।”

ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “शैक्षणिक सत्र का एक तिहाई हिस्सा बीत चुका है, तिमाही परीक्षा निकट है, लेकिन अभी तक गरीब बच्चों को किताबें और गणवेश नहीं मिल पाए हैं। भाजपा सरकार पहले ही युक्तियुक्तकरण के नाम पर कई स्कूल बंद कर चुकी है और अब निजी स्कूलों को बढ़ावा देने की मंशा से शिक्षा की अनदेखी कर रही है।”

ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन ने कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी नैतिकता, योग्यता और काबिलियत से ही देश मजबूत होगा। शिक्षा के मंदिर को अपराध की छाया से बचाना ज़रूरी है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को इस ओर गंभीरता से कदम उठाने होंगे।”

इस अवसर पर प्रमोद नायक, ऋषि पांडेय, रमाशंकर बघेल, हिमांशु कश्यप, फरिद बबली, सज्जू अली, विरेन्द्र सारथी, अयाज खान, रिजवान खान, विराज रजक, रमजान ग़ौरी, वकार खान, वाशिम बक्श, शिव यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद थे।