
कोरबा /बिलासपुर। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन भारत माला सड़क पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार खाई में गिरकर तीन बार पलट गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय तथा जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल शामिल हैं। दोनों को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। वाहन में उनके साथ ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक एक अन्य युवक सवार थे। चारों लोग रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे।
कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण उनकी कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। निर्माणाधीन सड़क पर पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। गिरने के बाद कार तीन बार पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल भोला साहू और राहुल को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई।
निर्माणाधीन सड़क पर संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।