
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बेलगहना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई 8 अप्रैल 2026 को एसीसीयू (ACC U) बिलासपुर टीम के साथ संयुक्त रूप से की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो सूटकेस और एक बैग से 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के कुल 81 बंडल बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत ₹17,90,000 (सत्रह लाख नब्बे हजार रुपए) है।
पुलिस ने इस रकम को संदिग्ध मानते हुए धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से नकदी के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रकम किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़ी है या नहीं।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।