बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: दो बहनें गांजा तस्करी करते गिरफ्तार, 15.78 लाख की संपत्ति जब्त

बिलासपुर। जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसते हुए सरकंडा पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गांजा बेचने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं आपस में सगी बहनें हैं और नाम बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में नशे का कारोबार चला रही थीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पाटलीपुत्र नगर एवं राजकिशोर नगर क्षेत्र में गांजा बिक्री की सूचना पर टीम ने दबिश दी। मौके पर दोनों महिलाएं कार और स्कूटी में गांजा रखकर बेचते हुए पकड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपी
1. मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष)
2. सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष)
दोनों मूल रूप से जयराम नगर मस्तूरी की रहने वाली हैं और वर्तमान में सरकंडा क्षेत्र में रहकर अवैध कारोबार संचालित कर रही थीं।
भारी मात्रा में सामान जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
06 किलो गांजा
नगद ₹5,98,030
01 कार
02 स्कूटी
02 मोबाइल
02 घड़ियां
जब्त की हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग ₹15,78,030 आंकी गई है।

पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिलाएं गांजा बिक्री से हुई कमाई से वाहन खरीदकर उसी का उपयोग सप्लाई और बिक्री के लिए करती थीं। उपयोग में लाई जा रही कार उनके एक परिचित की बताई जा रही है।
पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ से जुड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत माना जा रहा है।