
बिलासपुर । घर में घुसकर लाखों के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। खास बात यह है कि चोरी के सोने को फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर लोन लिया गया और बाद में उसे गलाकर ठिकाने लगाने की कोशिश भी की गई।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने अप.क्र. 488/2026 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपियों—दीपक पटेल (19) निवासी लोफंदी नयापारा और आजम बेग (25), जो मणप्पुरम फाइनेंस में मैनेजर है—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रशांत कुमार मिश्रा, निवासी राजेंद्र नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 जून 2025 को उनके घर से अज्ञात चोरों ने आलमारी का ताला तोड़कर करीब 40 ग्राम सोने के कंगन और 1 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दीपक पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए सोने के कंगनों को मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन लिया गया था।
जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब यह सामने आया कि फाइनेंस कंपनी के मैनेजर आजम बेग को सोने के चोरी का होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने कंगनों को गलाकर ठिकाने लगाने की कोशिश की।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 40 ग्राम गला हुआ सोना (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) और 1,000 रुपये नगद जब्त किया है।
दोनों आरोपियों को 14 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ चोरी का खुलासा हुआ है, बल्कि चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।