Loading ...
बिलासपुर

भीषण गर्मी से राहत के लिए बड़ा फैसला: केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की पहल, स्कूल समय बदला—सिग्नल भी रहेंगे फ्री


बिलासपुर। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए राहत देने के लिए अहम कदम उठाए गए हैं। केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की पहल पर प्रशासन सक्रिय हो गया है। उन्होंने जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल को आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों और दोपहिया वाहन चालकों को राहत देने के लिए त्वरित निर्देश दिए हैं।

गर्मी के प्रकोप को देखते हुए सबसे पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान दिया गया है। निर्देश के तहत अब स्कूलों में छुट्टी सुबह 11 बजे तक कर दी जाएगी, ताकि बच्चे तेज धूप और लू के खतरे से बच सकें। इस फैसले से अभिभावकों और छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही शहर के ट्रैफिक सिस्टम में भी बदलाव किया गया है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक प्रमुख चौराहों और सिग्नलों को फ्री रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मकसद यह है कि बाइक सवारों और आम नागरिकों को चिलचिलाती धूप में सिग्नल पर खड़ा न रहना पड़े। यह व्यवस्था खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत भरी साबित होगी, जो रोजाना दोपहिया वाहन से आवागमन करते हैं।


प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि इन निर्देशों का सख्ती से पालन हो और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएं, ताकि लोगों को गर्मी से अधिकतम राहत मिल सके।

जानकारों का मानना है कि इस तरह के निर्णय न सिर्फ आमजन की सुविधा बढ़ाते हैं, बल्कि भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को भी कम करते हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन की यह पहल काफी अहम मानी जा रही है।