
बिलासपुर। थाना तोरवा क्षेत्र में फरार आरोपी की तलाश में गई पुलिस टीम के साथ अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला अपराध क्रमांक 191/2026 धारा 132, 221, 3(5) BNS से जुड़ा है। दिनांक 14 अप्रैल 2026 को थाना मस्तुरी के अपराध क्रमांक 736/2025 के फरार आरोपी नागेन्द्र राय की तलाश में पुलिस टीम लालखदान स्थित उसके निवास पर दबिश देने पहुंची थी।
दबिश के दौरान पुलिस टीम ने घर के परिजनों से दरवाजा खोलकर तलाशी में सहयोग करने को कहा, लेकिन उन्होंने पहले सहयोग करने से इंकार कर दिया। काफी देर बाद दरवाजा खोलने पर तलाशी के दौरान आरोपी के परिजन सुब्रत राय और उद्याचल राय आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए झूमाझपटी करने लगे।
इस दौरान आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
गिरफ्तार आरोपी:
उद्याचल राय (33 वर्ष)
सुब्रत राय (27 वर्ष)
दोनों आरोपी लालखदान, थाना तोरवा क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने 15 अप्रैल 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी नागेन्द्र राय की तलाश जारी है।