Loading ...
बिलासपुर

त्रिनेत्र अभियान बना जन आंदोलन, शहरवासियों से जुटी एक करोड़ की स्वस्फूर्त राशि

जन जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने पर जोर, विभिन्न समितियों का गठन

बिलासपुर। शहर में त्रिनेत्र सेवा समिति का अभियान तेजी से जन आंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है। नागरिकों के उत्साह और सहयोग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक एक करोड़ रुपये की स्वस्फूर्त राशि एकत्रित की जा चुकी है।

इसी सिलसिले में त्रिनेत्र सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक तारबाहर चौक स्थित इंटीग्रेटेड कमाण्ड एवं कंट्रोल सेंटर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल ने की, जिसमें कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित शहर के कई प्रमुख गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत त्रिनेत्र परियोजना के विस्तृत पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन से हुई, जिसे वाय श्रीनिवास और राजीव कुमार छुरा ने प्रस्तुत किया। इसके बाद व्यापक चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।

20 अप्रैल को तकनीकी बैठक

निर्णय लिया गया कि 20 अप्रैल को तकनीकी समिति की अगली बैठक आयोजित होगी, जिसमें टेलीकॉम कंपनियों और अडानी गैस के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

सोशल मीडिया से बढ़ेगा जनसंपर्क

अभियान को और व्यापक बनाने के लिए एक प्रचार-प्रसार समिति का गठन किया गया है। यह समिति फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसकी जिम्मेदारी मनीष अग्रवाल को सौंपी गई है।

व्यावसायिक संगठनों को जोड़ने की पहल

शहर के विभिन्न व्यापारिक और सामाजिक संगठनों को जोड़ने के लिए सुनील सोंथालिया की अध्यक्षता में एक अलग समिति बनाई गई है, जो समन्वय स्थापित कर सहयोग जुटाएगी।

इसके अलावा गणमान्य नागरिकों और व्यापारिक संगठनों से सहयोग प्राप्त करने के लिए प्रवीण झा की अध्यक्षता में एक और समिति का गठन किया गया है।

जनभागीदारी पर जोर

बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने एक स्वर में त्रिनेत्र अभियान को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

तेजी से बढ़ते जनसमर्थन और संगठित प्रयासों के चलते त्रिनेत्र अभियान अब सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि शहर की सामूहिक जिम्मेदारी बनता जा रहा है।