
बिलासपुर। सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, भरनी के प्रांगण में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, पदक और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह का मुख्य आकर्षण वे छात्र-छात्राएं रहे जिन्होंने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। इनमें जी. यशवंत राव (97.8%), दीक्षा अग्रवाल (95.8%), महक नेगी (95.4%) और सुवेन श्रीहंस को विशेष रूप से 10,000 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना की भी घोषणा की। इसके तहत 95 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्रों को ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत, 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वालों को 25 प्रतिशत तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 10 प्रतिशत फीस छूट देने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए संस्था प्रमुख डॉ. जी.एस. पटनायक, निर्देशक सुश्री लेखाश्री पटनायक, प्रबंध समिति सदस्य सुश्री दिव्याश्री पटनायक तथा सीईओ/प्राचार्य डॉ. बी.बी. महाता को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बी.बी. महाता ने छात्रों और शिक्षकों की मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी लगन से आगे बढ़ें और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम का समापन उत्साह और प्रेरणा के माहौल में हुआ, जहां छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।