बिलासपुर में ऑटो चालकों पर सख्ती: 7 दिन में यूनिफॉर्म अनिवार्य, 516 पर कार्रवाई

बिलासपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। पिछले दो दिनों में 200 से अधिक और पूरे अप्रैल माह में अब तक 516 ऑटो चालकों पर नियम उल्लंघन के चलते कार्रवाई की गई है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस द्वारा ऑटो चालकों के विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर उन्हें नियमों का पालन करने के लिए समझाइश दी गई है।

यूनिफॉर्म अनिवार्य, 7 दिन की मोहलत
ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए अब यूनिफॉर्म अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया है। चालकों की मांग पर उन्हें यूनिफॉर्म लागू करने के लिए 7 दिन की समय-सीमा दी गई है। इसके बाद बिना यूनिफॉर्म वाहन चलाने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि यूनिफॉर्म से चालकों की पहचान आसान होगी, जिससे किसी भी विवाद, घटना या आपराधिक गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर सीधे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके अलावा अन्य आपराधिक मामलों में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आईटीएमएस और पोर्टल से निगरानी
शहर में लगे आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के जरिए भी लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही ‘नेक्स्ट जेन एम परिवहन’ पोर्टल के माध्यम से अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक भी नियम तोड़ने वाले चालकों की शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
यात्रियों की सुरक्षा पर फोकस
पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखें।
यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।