बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: EWS बिल्डिंग की छत से गिरे युवक-युवती, युवक की मौत, युवती गंभीर

बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित अभिलाषा परिसर की EWS बिल्डिंग में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तीन मंजिला इमारत की छत से गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। घायल युवती को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। वहीं युवक को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान चिरंजीव उर्फ चिंटू पांडेय (23) के रूप में हुई है, जो चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और साथ ही जोमैटो में डिलीवरी ब्वॉय का काम भी करता था। वह यदुनंदन नगर का निवासी बताया जा रहा है। घायल युवती का नाम गरिमा सिंह (22) है, जो सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी चौक के पास की रहने वाली है।
प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य परिस्थिति में दोनों छत से गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को नीचे गिरा हुआ पाया। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि दोनों को पहले छत पर देखा गया था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है।