Loading ...
बिलासपुरशिक्षा

निजी स्कूलों पर सख्ती—अब NCERT किताबों से ही पढ़ाई अनिवार्य, अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझ नहीं

नवा रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार ने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें थोपने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय, महानदी भवन से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि CBSE से मान्यता प्राप्त स्कूलों में अब केवल NCERT की पुस्तकों से ही पढ़ाई कराना सुनिश्चित किया जाए।

क्या है पूरा मामला?

सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई निजी स्कूल छात्रों और उनके पालकों को एक तय दुकान से निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा था। इसी को देखते हुए यह निर्देश जारी किए गए हैं।

सरकार के मुख्य निर्देश

कक्षा 1 से 8 तक: शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत सभी विद्यार्थियों को NCERT की किताबों से ही पढ़ाई कराई जाए, ताकि अतिरिक्त खर्च से बचा जा सके।किसी भी छात्र या पालक को किसी खास दुकान से किताबें खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।

सीजी बोर्ड स्कूलों के लिए:

जहां SCERT Chhattisgarh से जुड़ी पढ़ाई होती है, वहां राज्य पाठ्य पुस्तक निगम की किताबें ही उपयोग में लाई जाएंगी, जो पहले से ही निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
स्कूल किसी भी अभिभावक को एक तय दुकान से यूनिफॉर्म या स्टेशनरी खरीदने के लिए मजबूर नहीं कर सकेंगे।हर जिले में पारदर्शी शिकायत निवारण प्रणाली बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन निर्देशों का पालन नहीं करने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।यह आदेश मुख्य सचिव विकास शील द्वारा जारी किया गया है, जिसमें शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और अभिभावक-हितैषी बनाने पर जोर दिया गया है।

पढ़िए जारी आदेश…..