Loading ...
बिलासपुर

बिलासपुर में ‘सही दवा शुद्ध आहार’ अभियान तेज, 21 कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण, 6 दुकानों का स्टॉक नष्ट

बिलासपुर | जिले में ‘सही दवा शुद्ध आहार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को औषधि निरीक्षकों की तीन टीमों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया।
औषधि निरीक्षक सुनील पंडा, सुमन लता कंवर, अश्विनी कुमार, आशीष पांडे और कामेश्वरी पटेल की संयुक्त टीम ने तखतपुर, गनियारी, चकरभाठा, पौंडी, बोदरी और बेहतराई-सरकंडा क्षेत्र में कुल 21 कॉस्मेटिक विक्रय संस्थानों का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। अधिकांश दुकानों में क्रय-बिल के संधारण संबंधी नियमों की जानकारी का अभाव पाया गया। वहीं, भंडारण व्यवस्था की भी जांच की गई और सभी दुकानदारों को पक्के बिल के साथ ही खरीद-बिक्री करने के सख्त निर्देश दिए गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी दुकान में एक्सपायरी उत्पाद नहीं मिला। लेकिन 6 दुकानों में बिना उचित लेबल वाले कॉस्मेटिक उत्पाद पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।


अभियान की निगरानी कर रहे सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी कॉस्मेटिक उत्पाद की खरीद न करें, जिसमें निर्माण तिथि, अवसान तिथि, बैच नंबर और निर्माता की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज न हो।

स्वास्थ्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से साफ है कि जिले में मिलावटी और नियम विरुद्ध उत्पादों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।