राज्य सरकार का बड़ा फैसला – जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों का नहीं किया जाएगा तबादला

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने जनगणना 2027 को लेकर बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण अब नहीं किया जाएगा।
जारी निर्देशों के अनुसार, राज्य में पहले से लागू स्थानांतरण प्रतिबंध (25 जून 2025 के बाद) को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही, वह भी मुख्यमंत्री की अनुमति से, तबादले किए जा सकेंगे।
सरकार ने बताया कि जनगणना 2027 का पहला चरण अप्रैल से सितंबर 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना के रूप में संचालित होगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना के रूप में पूरा किया जाएगा।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर तैनात फील्ड अधिकारियों व कर्मचारियों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल पर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनगणना कार्य बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
सरकार का मानना है कि बार-बार तबादलों से कार्य प्रभावित होता है, इसलिए जनगणना पूरी होने तक स्थिरता बनाए रखना जरूरी है।
देखिए जारी आदेश……
