Loading ...
बिलासपुर

हर घर प्याऊ हो अभियान: गौसेवा धाम ने बांटे जल पात्र, सिकोरे और घोंसले

बिलासपुर। भीषण गर्मी के बीच इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों और गौमाता के लिए पानी की व्यवस्था करने के उद्देश्य से “हर घर प्याऊ हो” अभियान चलाया जा रहा है। श्री गोपाल कामधेनु गौसेवा धाम द्वारा पिछले 23 वर्षों से लगातार गौमाता एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए जल पात्र, गौरैया के लिए घोंसले, सिकोरे तथा आमजन के लिए पानी के मटकों का वितरण किया जा रहा है।

गौ सेवक विपुल शर्मा ने बताया कि संस्था के इस सेवा कार्य से प्रेरित होकर अब पूरे छत्तीसगढ़ में कई सामाजिक संस्थाएं पशु-पक्षियों के लिए जल पात्र रखने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज हर गली और मोहल्ले में पानी के पात्र दिखाई देते हैं, जो समाज में जागरूकता का सकारात्मक परिणाम है।


संस्था ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हर घर के सामने एक प्याऊ होना चाहिए, ताकि कोई भी जीव प्यासा न रहे। साथ ही घरों के बाहर रखे जल पात्रों की नियमित सफाई कर प्रतिदिन स्वच्छ पानी भरने की भी अपील की गई।


गौसेवक गोपाल कृष्ण ने बताया कि बिलासपुर गौसेवा धाम के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 12 मई 2026 को निःशुल्क जल पात्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 100 पानी के पात्र, 100 सिकोरे एवं घोंसलों का वितरण किया गया। इसके अलावा सिम्स हॉस्पिटल रोड पर मरीजों और आमजन के लिए पानी के घड़े भी रखवाए गए।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी राम अवतार अग्रवाल, डॉ. श्रीकांत गिरी, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, डॉ. मनोज चंद्राकर, राजेश चौबे, प्रिंस वर्मा एवं समाजसेवी विक्रम सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा जनमत उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने की।


राम अवतार अग्रवाल ने “हर घर प्याऊ” अभियान को सराहनीय बताते हुए कहा कि सभी लोगों को इस जनसेवा अभियान से जुड़ना चाहिए। वहीं प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने बिलासपुर गौसेवा धाम के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था बीमार और घायल गौवंश की सेवा के लिए समर्पित है तथा गर्मी में पानी के पात्र रखना मानवता की बड़ी सेवा है।


कार्यक्रम में शत्रुघ्न यादव, आशीष त्रिपाठी, शिवांश पांडेय, शुभम मिश्रा, आशीष यादव, दिनेश, वैदिक तिवारी, देव कुमार, विक्रम सिंह, भावेश साहू, राजेश कुमार, विशु साहू, रवि पटेल, अनमोल, गौतम सहित बड़ी संख्या में गौसेवक उपस्थित रहे। सभी ने शहर के विभिन्न स्थानों पर जल पात्र स्थापित कर पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की।