
बिलासपुर। थाना चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम कड़ार में अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी भरत वर्मा (27 वर्ष), पिता राधेश्याम वर्मा, निवासी ग्राम कड़ार थाना चकरभाठा, का गांव की युवती से प्रेम संबंध था। वर्ष 2025 में आरोपी के विवाह के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। इसके बाद आरोपी अक्सर युवती से मिलने पर गाली-गलौज करता था।
पीड़िता ने 16 मई 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर में मौजूद थी, तभी आरोपी भरत वर्मा घर में घुस आया और जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से उसके पेट और हथेली पर हमला कर दिया। युवती के शोर मचाने पर उसके ससुर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चकरभाठा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त कर विधिवत गिरफ्तार किया तथा न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।