Loading ...
बिलासपुर

संजीवनी हॉस्पिटल हादसा: डिवाइडर होता तो शायद बच जाती एक मासूम की जान – हरिकिशन गंगवानी

बिलासपुर। संजीवनी हॉस्पिटल के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हरिकिशन गंगवानी, सह सचिव, बिलासपुर प्रेस क्लब ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रारंभिक जानकारी और सामने आए वीडियो में एक्टिवा सवार छात्र पूरी तरह अपनी लेन में जा रहा था। उसके पीछे दो स्कूल बसें भी चल रही थीं। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।

सीसीटीवी फुटेज

उन्होंने कहा कि यदि इस मार्ग पर मजबूत डिवाइडर बना होता, तो रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन दूसरी लेन में नहीं आ पाते और संभवतः यह हादसा टल सकता था। इसलिए इस मार्ग पर तत्काल डिवाइडर का निर्माण, स्पीड कंट्रोल के उपाय, चेतावनी संकेतक और यातायात व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए।


हरिकिशन गंगवानी ने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना भी उतना ही आवश्यक है। दोपहिया वाहन चालकों को हमेशा आईएसआई मार्क वाला हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाना चाहिए। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम और यातायात पुलिस से संजीवनी हॉस्पिटल मार्ग को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े।