Loading ...
बिलासपुर

बिलासपुर में बारिश का कहर: 3-4 फीट तक जलभराव, घरों-दुकानों में घुसा पानी, राहत कार्य में जुटा प्रशासन

बिलासपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने न्यायधानी बिलासपुर की रफ्तार थाम दी है। गुरुवार रात से शुरू हुई तेज बारिश शुक्रवार को भी जारी रही, जिससे शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। हालात ऐसे बन गए कि अनेक रिहायशी क्षेत्रों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया, जबकि कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

शहर के साइंस कॉलेज रोड, जोरापारा, सरकंडा, तारबाहर, तोरवा, मंगला, तालापारा, धान मंडी तोरवा सहित कई निचले इलाकों में सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया। जगह-जगह जलभराव से आवागमन बाधित हो गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शुक्रवार की अपनी सभी निर्धारित बैठकें निरस्त कर दीं और अधिकारियों को फील्ड में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे भी सुबह से ही प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर हालात का जायजा लेते रहे।

नगर निगम की टीमें सुबह 5 बजे से ही जलभराव वाले इलाकों में पंपों के माध्यम से पानी निकालने, नालियों की सफाई और राहत कार्य में जुटी हुई हैं। लगातार बारिश के बावजूद सफाई व्यवस्था और कचरा संग्रहण प्रभावित न हो, इसके लिए भी निगम अमला युद्धस्तर पर काम कर रहा है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल और निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से सीधे बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों, पुल-पुलियों और पानी से लबालब रपटों को पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करें तथा केवल सुरक्षित और ऊंचे मार्गों का ही उपयोग करें।

मौसम विभाग द्वारा आगे भी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।