तोरवा स्थित पेंडलवार नर्सिंग होम पर डिलवरी के दौरान पेट में धागा छोड़ने का आरोप, शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मांगा जवाब
बिलासपुर। शहर के तोरवा स्थित पेंडलवार नर्सिंग होम में इलाज में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीजेरियन डिलीवरी के दौरान महिला के पेट में सर्जिकल धागा छूट गया, जिससे उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही। बाद में दूसरे अस्पताल में जांच के दौरान धागा मिलने का दावा किया गया और दोबारा ऑपरेशन कर उसे बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बिजौर निवासी शक्ति लाल सूर्यवंशी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से शिकायत कर बताया कि उनकी पत्नी रेखा सूर्यवंशी को 12 जून को प्रसव के लिए पेंडलवार नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां सीजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से डिलीवरी हुई।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला को लगातार पेट दर्द और उल्टी की शिकायत बनी रही। दोबारा अस्पताल ले जाने पर बिना समुचित जांच के वापस भेज दिया गया। इसके बाद जब महिला का इलाज अपोलो अस्पताल में कराया गया तो जांच में पेट के भीतर सर्जिकल धागा होने की जानकारी मिली। चिकित्सकों ने दोबारा ऑपरेशन कर धागा निकालने की बात कही।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सीएमएचओ डॉ. शुभ्रा गरेवाल ने इसे गंभीरता से लेते हुए पेंडलवार नर्सिंग होम प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। अस्पताल को गुरुवार तक अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. शुभ्रा गरेवाल ने कहा कि यदि जांच में इलाज में लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित नर्सिंग होम के खिलाफ नर्सिंग होम एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद निजी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर विभागीय जांच और उसकी रिपोर्ट पर टिकी हुई है।