Loading ...
बिलासपुर

कांग्रेस का ऐलान: 1 अगस्त से बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर वापसी की मांग को लेकर  प्रदेशव्यापी आंदोलन

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर वापसी और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेश भर में आंदोलन करने जा रही है। इसकी जानकारी बिलासपुर के कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा एवं महेंद्र गंगोत्री ने मीडिया को दी।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं पर लगातार बिजली दरों का बोझ बढ़ाया है। उनका कहना था कि जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है। इसके अलावा पहले भी 12 प्रतिशत विद्युत शुल्क (MPPS) बढ़ाया जा चुका है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर का भी विरोध करते हुए आरोप लगाया कि इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई गुना बढ़ रहे हैं। पार्टी का कहना है कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जो अनुचित है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार के उस बयान का भी हवाला दिया जिसमें स्मार्ट प्रीपेड मीटर को अनिवार्य नहीं बताया गया था।

आंदोलन की रूपरेखा


कांग्रेस नेताओं ने बताया कि— 1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ता के माध्यम से आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। 2 अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दरों में कमी की मांग को लेकर उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाएं जाएंगे। एकत्रित आवेदनों को जिला बिजली कार्यालयों में जमा किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर बिजली दरों में कमी, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने तथा स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग की जाएगी।

गौरतलब हो कि उत्तरप्रदेश, तमिलनाडु में स्मार्ट मीटर में बिल अधिक आने एवं जनता के विरोध के कारण वहां की बीजेपी सरकार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट मीटर योजना को वापस लिया था। कांग्रेस की मांग है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए यहां भी इस योजना को सरकार द्वारा वापस लिया जाना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए यह आंदोलन पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा और सरकार से जनहित में तत्काल निर्णय लेने की मांग की जाएगी।

इस प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष सुधांशु मिश्रा एवं महेंद्र गंगोत्री के साथ पूर्व विधायक शैलेश पांडेय,विजय केशरवानी,विजय पांडेय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।