कांग्रेस नेता श्याम कश्यप ने अपने ऊपर हमला को बताया हत्या की गहरी साजिश, SSP से शिकायत कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की
बिलासपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष (ग्रामीण) एवं समाज सेवी श्याम कश्यप ने अपनी जान को खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), बिलासपुर को एक शिकायती पत्र सौंपा है। कश्यप का आरोप है कि पुरानी रंजिश और अदालती मामलों के कारण कुछ लोगों ने एकजुट होकर उनके खिलाफ षड़यंत्र रचा और उन्हें जान से मारने के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी है।
अदालती मामलों और रंजिश के कारण रची गई साजिश
शिकायतकर्ता श्याम कश्यप के अनुसार, उन्होंने आरोपी दिव्यानंद पटेल, सुनीता पटेल एवं अन्य के खिलाफ न्यायालय में धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों (धारा 420/34, 467, 468, 471, 120-B IPC) का परिवाद दायर किया था, जिसमें 25 मार्च 2026 को आरोप तय किए जा चुके हैं। इसके अलावा, नगर निगम व अन्य कानूनी कार्यवाहियों से बौखलाकर आरोपी पक्ष लगातार रंजिश रख रहा है।
झूठे मामलों में फंसाने और पुलिस में फर्जी शिकायत का आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने पहले भी पुलिस प्रशासन को गुमराह कर झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया, जिन्हें जांच के बाद खात्मा (फर्जी करार) दिया जा चुका है।
इन व्यक्तियों के खिलाफ नामजद शिकायत
श्याम कश्यप ने षड़यंत्र में शामिल निम्नलिखित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है: दिव्यानंद पटेल, उनकी पत्नी सुनीता पटेल, पुत्र नवीन पटेल, नितिन पटेल एवं डॉ. शानू पटेल (सभी निवासी तेलीपारा,।बिलासपुर),श्रीमती सोनिया पटेल (जायसवाल) (निवासी सुमंगल अपार्टमेंट, लिंक रोड, बिलासपुर), गिरीश पांडेय (निवासी निरालानगर, बिलासपुर)
कड़ी कार्यवाही की मांग
हाल ही में समाचार पत्रों में प्रकाशित “कांग्रेस नेता को मारने दी 10 लाख की सुपारी” खबर का संदर्भ देते हुए पीड़ित ने अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है और सभी षड़यंत्रकारियों पर जानलेवा हमले की साजिश का मामला दर्ज कर उचित दंडात्मक कार्यवाही करने का निवेदन किया है।