
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियों का ऐलान करते हुए छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया है। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की भाजपा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा राष्ट्रीय टीम की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही रूपकुमारी चौधरी की नियुक्ति सामने आई। इसे छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा की जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश की महिलाओं में भी उत्साह का माहौल है।
इस नियुक्ति पर भाजपा महिला मोर्चा ग्रामीण जिला बिलासपुर की जिलाध्यक्ष गायत्री साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी को भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ की महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है और इस निर्णय के लिए महिला मोर्चा की सभी महिलाएं राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हैं।
गायत्री साहू ने विश्वास जताया कि रूपकुमारी चौधरी के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा देशभर में महिलाओं को संगठन से जोड़ने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।