चाकू लहराकर गए थे जेल, रिहाई के बाद जेल गेट पर जश्न! अब वायरल वीडियो के बाद युवकों ने मांगी माफी

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के बजरंग पारा में चाकू लहराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद जेल भेजे गए दो युवकों का रिहाई के बाद सेंट्रल जेल बिलासपुर के गेट के बाहर जश्न मनाने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में युवकों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए समर्थक नजर आए, जिसके बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि चाकू लहराने के वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को जेल भेजा था। वहीं, रिहाई के बाद जेल गेट पर समर्थकों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत और जश्न मनाने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया।
वायरल वीडियो के बाद मांगी माफी
अब इसी मामले में एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वायरल वीडियो में शामिल सभी युवक माफी मांगते हुए नजर आ रहे हैं। युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस और आम लोगों से माफी मांगी है। साथ ही भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कही है।
युवकों का माफी मांगते हुए वीडियो सामने आने के बाद अब यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।