रिवर व्यू में सजी पटाखा बाजार, शासन के गाइड लाइन सहित सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बिलासपुर । दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर में पटाखों की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ने लगी है। इसी बीच बिलासपुर अस्थायी पटाखा संगठन के अध्यक्ष सुनील वाजपेयी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे आकर्षक डिस्काउंट के चक्कर में पड़ने के बजाय पटाखों की गुणवत्ता और वास्तविक कीमत पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि ग्राहक वाजिब दाम पर अच्छी क्वालिटी के पटाखे खरीदें, क्योंकि कई बार डिस्काउंट के नाम पर पहले कीमत बढ़ाई जाती है और फिर उसमें छूट दिखाकर ग्राहकों को आकर्षित किया जाता है।

सुनील वाजपेयी ने हमर संगवारी से खास बातचीत में कहा कि कोई भी व्यापारी अपनी जेब से डिस्काउंट नहीं देता। कई बार उत्पाद की कीमत पहले बढ़ाकर फिर छूट के नाम पर कम कर दी जाती है। इसलिए ग्राहकों को केवल डिस्काउंट देखकर खरीदारी नहीं करनी चाहिए, बल्कि पटाखों की गुणवत्ता, वास्तविक कीमत और विश्वसनीय दुकान को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष कुछ पटाखा दुकानें मुगेली नाका क्षेत्र में भी लगाई गई थीं, लेकिन इस बार प्रशासन से वहां अनुमति नहीं मिलने के कारण सभी 136 दुकानें एक ही स्थान पर अरपा नदी के किनारे, मेडिकल कॉलेज के पीछे निर्धारित अस्थायी पटाखा बाजार में लगाई गई हैं। पहले दो स्थानों पर दुकानें लगने से अलग-अलग क्षेत्रों के ग्राहकों को खरीदारी में सुविधा मिलती थी और व्यापारियों को भी अच्छा कारोबार मिलता था। इस बार सभी दुकानें एक जगह होने से कारोबार पर कुछ असर पड़ने की आशंका है। साथ ही पार्किंग और ग्राहकों की आवाजाही जैसी चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास है कि बाजार में आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए सभी दुकानदारों के साथ मिलकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुकानों में अग्निशमन उपकरण, गैस सिलेंडर और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कदम उठाए जा सकें।पटाखों की कीमतों को लेकर उन्होंने बताया कि इस बार कुछ पटाखों के दाम में मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बाजार में विभिन्न रेंज और वैरायटी के पटाखे उपलब्ध हैं। दीपावली में अभी तीन दिन शेष हैं और धीरे-धीरे बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ रही है। उन्हें उम्मीद है कि दीपावली तक बाजार में अच्छी रौनक आएगी और सभी दुकानदारों का कारोबार बेहतर रहेगा।
अंत में सुनील वाजपेयी ने बिलासपुर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित अस्थायी पटाखा बाजार में पहुंचकर दुकानदारों से ही पटाखों की खरीदारी करें। यहां ग्राहकों को अलग-अलग वैरायटी, उचित दाम और अच्छी गुणवत्ता के पटाखे मिल सकेंगे। साथ ही खरीदारी करते समय सुरक्षा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।संगठन का संदेश है कि आकर्षक डिस्काउंट के बजाय सही कीमत, अच्छी गुणवत्ता और सुरक्षित खरीदारी को प्राथमिकता दें।