Loading ...
बिलासपुर

•बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की अनूठी पहल; तीन और पंचायतों को मिली ₹90 लाख की सौगात • मातृशक्ति को विकास की नई सौगात, तीन गांवों में बनेंगे महतारी सदन

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल एवं प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेंदरी, मटियारी एवं गड़वट में महतारी सदन निर्माण के लिए राज्य शासन द्वारा कुल ₹90 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। तीनों ग्राम पंचायतों को ₹30-30 लाख की राशि स्वीकृत हुई है।

पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की महतारी सदन निर्माण योजना के अंतर्गत इन ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इस स्वीकृति से ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए अपना एक स्थायी केंद्र उपलब्ध होगा।

महतारी सदन केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि गांव की महिलाओं के आपसी संवाद, महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकों, प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण मंच बनेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं को संगठित होने, अपने विचार साझा करने और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर ग्राम पंचायत मटियारी के सरपंच सतीश केशर ने समस्त ग्रामवासियों की ओर से सर्वप्रथम प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी, उप मुख्यमंत्री  अरुण साव जी एवं विजय शर्मा तथा अंत में क्षेत्रीय विधायक  सुशांत शुक्ला के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन की स्वीकृति गांव की महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात है। इसके लिए प्रदेश सरकार एवं विधायक जी के प्रयासों के प्रति समस्त ग्रामवासी आभारी हैं।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत गड़वट के सरपंच  चंद्रशेखर बैसवाड़े एवं ग्राम पंचायत सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव ने भी इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं  विजय शर्मा तथा अंत में विधायक सुशांत शुक्ला के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन के निर्माण से गांव की महिलाओं को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक बेहतर और स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा विधानसभा का विकास तभी सार्थक होगा, जब हमारी मातृशक्ति सशक्त, आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से अधिक सहभागी बनेगी। हमारी माताएं, बहनें और बेटियां परिवार के साथ-साथ समाज और गांव की प्रगति की भी मजबूत आधारशिला हैं। उनकी आवश्यकताओं, सम्मान और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गांवों में महतारी सदन का निर्माण एक महत्वपूर्ण पहल है।

सेंदरी, मटियारी और गड़वट में ₹30-30 लाख की स्वीकृति से बनने वाले ये महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए केवल भवन नहीं, बल्कि उनके आपसी संवाद, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, कौशल प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों और सामाजिक सहभागिता के सशक्त केंद्र बनेंगे। इससे हमारी माताओं और बहनों को अपनी प्रतिभा, क्षमता और नेतृत्व कौशल को आगे बढ़ाने के लिए एक बेहतर मंच मिलेगा।

मेरा संकल्प है कि बेलतरा विधानसभा की मातृशक्ति को विकास की प्रत्येक धारा से जोड़ा जाए और क्षेत्र के प्रत्येक गांव में महिलाओं के लिए सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण तैयार हो। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव जी एवं विजय शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। प्रदेश सरकार के सहयोग से बेलतरा विधानसभा में विकास और जनकल्याण के कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।

तीन ग्राम पंचायतों में ₹90 लाख की यह स्वीकृति ग्रामीण विकास के साथ मातृशक्ति के सम्मान, सहभागिता और सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Oplus_16908288