21 एवं 22 नवंबर 2026 को दो दिवसीय भव्य राष्ट्रीय तेलुगु सामाख्य सम्मेलन का राजधानी रायपुर में आयोजन • तेलुगु समाज के लोगों को बड़ी संख्या में सम्मेलन में शामिल होने की अपील

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित आंध्रा एसोसिएशन, देवेंद्र नगर में दिनांक 21 एवं 22 नवंबर 2026 को दो दिवसीय भव्य राष्ट्रीय तेलुगु सामाख्य सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से तेलुगु समाज के प्रतिनिधि, सिनेमा जगत की हस्तियां, राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी, साहित्यकार एवं विभिन्न विधाओं के कलाकार बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने तथा बिलासपुर के तेलुगु समाज की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर से आए प्रतिनिधिमंडल द्वारा आंध्रा समाज कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिलासपुर में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिलासपुर के विभिन्न तेलुगु समाजों, पूजा समितियों, सेवा समितियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र प्रदान कर राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने का सादर निमंत्रण दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने सभी सामाजिक संगठनों से आपसी एकता, भाईचारे एवं सामूहिक सहयोग के साथ सम्मेलन में सहभागिता करने तथा इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन तेलुगु भाषा, संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ देशभर में निवासरत तेलुगु समाज को एक साझा मंच प्रदान करते हैं।
छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंघ की बिलासपुर शाखा का गठन
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंघ की बिलासपुर शाखा के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई। प्रदेश अध्यक्ष के हस्ताक्षरयुक्त मनोनयन पत्र का वाचन कर बिलासपुर शाखा के निम्नलिखित पदाधिकारियों की घोषणा की गई—जिसमें एन. लोकेश कुमार – अध्यक्ष, सी. श्रीनिवास राव – सचिव, पी. चंद्राबाबू – कोषाध्यक्ष, इसके साथ ही शंकर राव को बिलासपुर शाखा का संरक्षक घोषित किया गया।
नव मनोनीत पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र पढ़कर सुनाया गया तथा उनके दायित्वों की घोषणा की गई। शेष पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा शीघ्र ही संरक्षक शंकर राव द्वारा की जाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी के गठन से बिलासपुर में तेलुगु समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी तथा विभिन्न तेलुगु संगठनों के बीच समन्वय एवं एकता और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से व्ही. रामा राव –( प्रदेश संरक्षक, छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंघ), बी. वेणुगोपाल राव – प्रदेश उपाध्यक्ष, आर. मनोरथ बाबू – प्रदेश सचिव, एन. रमना मूर्ति – प्रदेश कोषाध्यक्ष, डी. एन. प्रसाद – उपाध्यक्ष, आंध्रा समाज, टी. रमेश बाबू – कोषाध्यक्ष, आंध्रा समाज, जी. रमेश चंद्रा, आर. प्रसाद राव सहित विभिन्न सामाजिक एवं तेलुगु संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।