Loading ...
क्राइमबिलासपुर

नाबालिग का गर्भपात कराने और भ्रूण नष्ट करने के आरोप में महिला डॉक्टर गिरफ्तार

बिलासपुर । नाबालिग बालिका का अवैध गर्भपात कराने के मामले में तोरवा पुलिस ने एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला डॉक्टर ने नाबालिग पीड़िता का गर्भपात कराया ,इसके बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट कर दिया। पुलिस के अनुसार, डॉक्टर को पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी थी उसके बावजूद उन्होंने गर्भपात कराया और पुलिस को सूचना दिए बगैर भ्रूण को अरपा नदी में फेंककर नष्ट किया।

दिसंबर 2023 से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में बुधवारी, तोरवा निवासी गणेश सोनी (30 वर्ष) पर नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई।

आरोप है कि गणेश सोनी ने अस्पताल में महिला डॉक्टर की सहायता से नाबालिग का गर्भपात कराया। इस मामले में गणेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।

जांच में महिला डॉक्टर की भूमिका उजागर

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43 वर्ष), निवासी उसलापुर, से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि जांच में डॉक्टर की संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले।

महिला डॉक्टर पर तीन गंभीर आरोप हैं:

1. नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद पीड़िता का गर्भपात कराने का आरोप।

2. गर्भपात के बाद भ्रूण को महत्वपूर्ण साक्ष्य जानते हुए अरपा नदी में नष्ट करने का आरोप।

3. नाबालिग बालिका के साथ हुए अपराध की जानकारी पुलिस को नहीं देने का आरोप।

POCSO एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला

तोरवा थाना में अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 351(3), 89, 238, 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2), 5(ठ), 6 और 21 के तहत मामला दर्ज है।

महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह को 13 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला

नाबालिग से जुड़े अपराध में गर्भपात, साक्ष्य नष्ट करने और पुलिस को सूचना नहीं देने जैसे आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब इस मामले में जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों पर भी नजर रहेगी।