सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य में 16 से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगा “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” विशेष सघन निरीक्षण अभियान

बिलासपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर महोदय बिलासपुर के मार्गदर्शन में जिला बिलासपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार” का शुभारंभ किया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के समस्त नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और उच्च गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य कारोबारकर्ताओं में स्वच्छता के प्रति उत्तरदायित्व सुनिश्चित करना है।
अभियान के प्रमुख बिंदु एवं जाँच के दायरे
शत-प्रतिशत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण: जिले के अंतर्गत आने वाले समस्त होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, केटरिंग सेवाएं, स्ट्रीट फूड वेडर्स और अन्य खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर निर्धारित अवधि में शत-प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
स्वच्छता एवं हाईजिन मानक: प्रतिष्ठानों के परिसरों, रसोईघरों, बर्तनों, उपकरणों, भण्डारण स्थलों तथा कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की सूक्ष्म जाँच की जाएगी। खाद्य सुरक्षा नियमों की अनुसूची-4 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
खाद्य पदार्थों का सुरक्षित रख-रखाव: कच्चे एवं पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग-अलग सुरक्षित तापमान पर रखने, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा कीट नियंत्रण (मक्खी-मच्छर व कचरे के उचित निपटान) की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा।
कृत्रिम एवं प्रतिबंधित रंगों पर कड़ी नजर: मिठाइयों, ग्रेवी, बिरयानी, चाट, मंचूरियन, फास्ट फूड और ठेलों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों में अमानक, औद्योगिक या प्रतिबंधित रंगों के उपयोग की विशेष जाँच की जाएगी। यदि कोई गैर-खाद्य रंग या अनुमत सीमा से अधिक रंग पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य पदार्थों को मौके पर विनष्ट किया जाएगा।
वैध अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन: प्रत्येक प्रतिष्ठान में वैध खाद्य लाइसेंस/पंजीयन की अनिवार्यता की जाँच होगी। बिना पंजीयन या गंभीर स्वच्छता कमियों वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निलंबन और जब तक सुधार न हो तब तक संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन बिलासपुर सभी होटल, ढाबा एवं खाद्य व्यवसायियों से अपील करता है कि वे तय मानकों के अनुसार ही खाद्य सामग्री तैयार करें और पैकेजिंग में अखबारी कागज (newspaper) का उपयोग बिल्कुल न करें। यह अभियान नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है, अतः सभी इसमें सहयोग करें। नियमों की अनदेखी या लापरवाही पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।