Loading ...
क्राइमबड़ी खबरबिलासपुर

सरकंडा क्षेत्र में मंदिर में गंदगी फैलाने से बवाल, दो झोपड़ीनुमा घर तोड़े, 4 हिरासत में

बिलासपुर। शहर में दुर्गा विसर्जन के बीच सरकंडा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। महामाया आईटीआई रोड के पास स्थित बस्ती में बने भगवान शंकर के मंदिर में बीती रात अज्ञात व्यक्ति ने गंदगी कर दी। सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो उठे और बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

लोगों ने आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में गंदगी फैलाकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया है। गुस्साए लोगों ने हंगामे के दौरान बस्ती में बने दो झोपड़ीनुमा घरों को भी तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही सरकंडा थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन भीड़ के गुस्से और हंगामे को देखते हुए उन्हें पहले लौटना पड़ा। बाद में पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।

मामले को संवेदनशील बताते हुए पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने 4 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।