
बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी जनपद पंचायत कार्यालय में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात बदमाशों ने जनपद उपाध्यक्ष के कक्ष में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना शाम लगभग 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। फायरिंग की इस वारदात से पूरा कार्यालय दहशत में आ गया और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, तीन नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और भीतर घुसते ही ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में किरारी निवासी राजू सिंह और चंद्रकांत गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि 10 से 12 राउंड तक गोलियां दागी गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना के दौरान जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह भी अपने कक्ष में मौजूद थे। फायरिंग शुरू होते ही वहां भगदड़ मच गई और कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। गोलीबारी के बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश ताडेकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी और घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। दोनों घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला सुपारी किलिंग या पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। इस बिंदु पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। घटना को लेकर मस्तूरी थाना पुलिस ने विशेष जांच दल (Special Team) गठित की है और आसपास के सभी मार्गों पर नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी हरीश ताडेकर ने बताया —
“घटना में शामिल हमलावरों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”
इस वारदात के बाद मस्तूरी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और हर संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल गोलीकांड से पूरे मस्तूरी क्षेत्र में दहशत का माहौल है, प्रशासन अलर्ट मोड पर है।