
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस ने मस्तूरी गोलीकांड के आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई में षड्यंत्र रचकर फायरिंग करने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 विधि से संघर्षरत किशोर भी शामिल हैं।

सटीक पुलिस एक्शन – CCTV से खुली पहचान की कड़ी
घटना की गुत्थी सुलझाने में ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) और थाना मस्तूरी की संयुक्त टीम ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अज्ञात हमलावरों की पहचान की गई और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
घटना की पृष्ठभूमि
मस्तूरी जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नितेश सिंह और मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत के परिवारों के बीच जमीन विवाद, अतिक्रमण और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही थी। दोनों पक्षों ने पूर्व में मस्तूरी और सिविल लाइन थाने में एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विश्वजीत अनंत ने नितेश सिंह और उनके साथियों को जान से मारने की साजिश रचते हुए अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई थी।
25 अक्टूबर को हमले का प्लान फेल होने के बाद 28 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे आरोपीगण दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे और नितेश सिंह व उनके साथियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में राजू सिंह और चंद्रभान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि तारकेश्वर पाटले ने आरोपी विश्वजीत अनंत को ₹1 लाख नगद दिए, जिसे आरोपियों के बीच बांटा गया। पुलिस इस वित्तीय लेन-देन की तस्दीक कर रही है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना मस्तूरी द्वारा अपराध क्रमांक – 736/25 धारा – 109, 3(5) बी.एन.एस. तथा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्यवाही की गई है।
गिरफ्तार आरोपीयों के नाम
1. विश्वजीत अनंत, पिता स्व. बलराम अनंत (29 वर्ष), निवासी मोहतरा, थाना मस्तूरी
2. अरमान उर्फ बलमजीत अनंत, पिता स्व. बलराम अनंत (29 वर्ष), निवासी मोहतरा
3. चाहत उर्फ विक्रमजीत, पिता स्व. बलराम अनंत (19 वर्ष), निवासी मोहतरा
4. मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस, पिता मोहम्मद मुख्तार (29 वर्ष), निवासी भारतीय नगर, सिविल लाइन
5. मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू, पिता मोहम्मद मुख्तार (22 वर्ष), निवासी अटल आवास, कोनी
6-7. दो विधि से संघर्षरत किशोर

बरामद हथियार और सामग्री
देशी पिस्टल – 2 नग
देशी कट्टा – 1 नग
मैगजीन – 5 नग
जिंदा कारतूस – 4 नग
खाली खोखा – 13 नग
फायर बुलेट – 10 नग
मोबाइल फोन – 5 नग

– SSP बोले — बच नहीं पाएंगे कोई भी आरोपी
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच जारी है। “किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, सभी पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”