
बिलासपुर | जिले में ‘सही दवा शुद्ध आहार’ अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने निरीक्षण कार्रवाई तेज कर दी है। सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों की तीन टीमों ने सोमवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 7 थोक औषधि विक्रेताओं और 1 शासकीय अस्पताल के वैक्सीन स्टोर का निरीक्षण किया।

टीम ने शहर के तेलीपारा क्षेत्र सहित रेलवे सेंट्रल अस्पताल, बिलासपुर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नारकोटिक औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई, ताकि इनके उपयोग और वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

इसके अलावा अस्पताल के वैक्सीन स्टोर में रखे टीकों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक कोल्ड चेन व्यवस्था की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान आईएलआर (Ice Lined Refrigerator) और कोल्ड रूम के तापमान का परीक्षण किया गया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि वैक्सीन निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखे जा रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत आगे भी लगातार निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि दवाओं की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य से जुड़े मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
