Loading ...
बिलासपुर

बिलासपुर में ‘सही दवा शुद्ध आहार’ अभियान: 14 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण, नारकोटिक दवाओं पर सख्ती

बिलासपुर। जिले में सही दवा शुद्ध आहार अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बुधवार को व्यापक कार्रवाई की। सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों की तीन टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 14 खुदरा औषधि स्टोर्स का निरीक्षण किया।


टीमों द्वारा सिरगिटी, रिंग रोड, उसलापुर, तोरवा, सरकंडा, लिंगियाडीह, जूनीलाइन, डबरीपारा, करोना चौक और सिम्स चौक स्थित मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से नारकोटिक औषधियों के क्रय-विक्रय से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई।


अधिकारियों ने मेडिकल संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि नारकोटिक दवाओं का विक्रय केवल पंजीकृत चिकित्सक के प्रिस्क्रिप्शन पर ही किया जाए और सभी लेन-देन का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित किया जाए।

सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने कहा कि दवाएं रोग निवारण के लिए आवश्यक हैं और उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है, लेकिन नियमों का सख्ती से पालन कर ही इनके दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। अभियान के माध्यम से जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाकर अवैध गतिविधियों को रोकने पर जोर दिया जा रहा है।