Loading ...
बिलासपुर

सिम्स प्रबंधन की लापरवाही से आदिवासी युवक की मौत, कार्रवाई और मुआवजे की मांग, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

बिलासपुर। सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में कथित लापरवाही के चलते एक आदिवासी युवक की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ ने कड़ा विरोध जताते हुए जिला प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लछनपुर, पंचायत पेंडारवा (रतनपुर), जिला बिलासपुर निवासी महेश सिंह राज (30 वर्ष) 2 मई 2026 को एक दुर्घटना में घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की लापरवाही एवं गलत इलाज के कारण 3 मई 2026 को शाम लगभग 3 बजे उनकी मौत हो गई।

इस मामले में सर्व आदिवासी समाज ने कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि यह घटना गंभीर लापरवाही का परिणाम है और इसके लिए जिम्मेदार सिम्स प्रबंधन एवं संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग की गई है।

समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी सिम्स प्रबंधन के साथ-साथ जिला प्रशासन पर भी होगी।

इस दौरान सर्व आदिवासी समाज युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष परते, प्रदेश सचिव आयुष सिंह राज, जिला अध्यक्ष  युवराज सिंह, राजेंद्र पोर्ते सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

फिलहाल, इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। इधर आदिवासी समाज की मांग पर कलेक्टर ने सिम्स के डीन को टीम बनाकर मामले की जांच के लिए निर्देशित किया है।