सही दवा शुद्ध आहार अभियान : बिलासपुर में एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस और नारकोटिक दवाओं के दुरुपयोग पर जागरूकता कार्यशाला

बिलासपुर। “सही दवा शुद्ध आहार” अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शुक्रवार को बिलासपुर में एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस एवं नारकोटिक दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। यह कार्यवाही सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह के नेतृत्व में औषधि निरीक्षकों की दो टीमों द्वारा की गई।

कार्यशाला के दौरान तेलीपारा स्थित मेडिकल कॉम्प्लेक्स में थोक औषधि व्यापारियों को तथा तिफरा क्षेत्र में रिटेल मेडिकल संचालकों एवं आम नागरिकों को दवाओं के सुरक्षित उपयोग, कानूनी प्रावधानों और दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।

सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह ने कहा कि नारकोटिक औषधियों के दुरुपयोग को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए थोक एवं खुदरा औषधि व्यवसायियों को क्रय-विक्रय संबंधी नियमों की जानकारी दी गई तथा बिना वैध दस्तावेज और चिकित्सकीय सलाह के ऐसी दवाओं का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने एंटीबायोटिक दवाओं के अनियंत्रित उपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस तेजी से गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। इसे रोकने के लिए केवल पंजीकृत चिकित्सकों की सलाह पर ही एंटीबायोटिक दवाओं का विक्रय किया जाए।
कार्यशाला में यह भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से नारकोटिक दवाओं की मांग करता है तो उसे किसी भी परिस्थिति में दवा उपलब्ध न कराई जाए और इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी जाए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि “सही दवा शुद्ध आहार” अभियान के तहत आगे भी जिले में लगातार निरीक्षण, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि सुरक्षित दवा उपयोग और जनस्वास्थ्य संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।