
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस सेवा, समर्पण और मानवता के भाव के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। मरीजों की देखभाल में दिन-रात जुटे रहने वाले नर्सिंग स्टाफ के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारियों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पण और संवेदनशीलता का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और आधुनिक नर्सिंग सेवा की प्रेरणास्रोत फ्लोरेंस नाइटिंगेल की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद नर्सिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मोमबत्ती जलाकर मरीजों की सेवा, मानवता की रक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. रमनेश मूर्ति ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ चिकित्सा व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि नर्सें हर परिस्थिति में मरीजों के साथ खड़ी रहती हैं और उनका समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी नर्सिंग अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि किसी भी अस्पताल की कार्यप्रणाली और सफलता में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका बेहद अहम होती है। उन्होंने नर्सों को अस्पताल व्यवस्था की “रीढ़” बताते हुए कहा कि मरीजों की देखभाल और उपचार प्रक्रिया में उनकी जिम्मेदारी सबसे अधिक महत्वपूर्ण रहती है।
वहीं सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र कश्यप ने नर्सिंग स्टाफ की अनुशासित कार्यशैली और संवेदनशील व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में उनका योगदान अतुलनीय है।
औपचारिक कार्यक्रम के बाद आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। डांस, गीत-संगीत और रैंप वॉक जैसी प्रस्तुतियों में नर्सिंग स्टाफ ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस आयोजन में एएनएस स्वाति कुमार, उज्ज्वला दास, सरिता सिस्टर, राजकुमारी सिस्टर, पिंकी दास, पुष्पलता शर्मा, नेहा विकास उड़ान, पल्लवी, दीपिका यादव और संदीप कौर सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। मंच संचालन नेहा विकास उड़ान ने किया।
नर्सेज आयोजन समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सिंग स्टाफ के समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देना तथा उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि अस्पतालों की वास्तविक ताकत आधुनिक उपकरणों से अधिक सेवा भाव से कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मी होते हैं।