प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का दिखा असर: बुलेट में कलेक्ट्रेट पहुंचे विधायक सुशांत शुक्ला

बिलासपुर। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मंगलवार को अलग अंदाज में नजर आए। जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) की शासी परिषद की बैठक में शामिल होने वे किसी लग्जरी गाड़ी या बड़े काफिले से नहीं, बल्कि खुद बुलेट मोटरसाइकिल चलाकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। हेलमेट लगाए विधायक का यह सादगी भरा अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में जहां कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी सरकारी वाहनों, सुरक्षा गार्डों और समर्थकों के साथ पहुंचे थे, वहीं विधायक सुशांत शुक्ला बिना किसी सुरक्षा काफिले और PSO के अकेले बुलेट चलाते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे। गर्मी के बीच उनके इस सादगीपूर्ण व्यवहार को लोगों ने “नो VIP कल्चर” की मिसाल बताया।
राजनीतिक गलियारों में विधायक के इस कदम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनाने की बात कही थी। माना जा रहा है कि विधायक ने अपने व्यवहार से आमजन को संदेश देने की कोशिश की है कि जनप्रतिनिधियों को भी दिखावे से दूर रहकर आम नागरिकों की तरह जीवन जीना चाहिए।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला का यह अंदाज सोशल और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा में बना हुआ है। कई लोगों ने इसे जनता से जुड़ाव और सादगी की सकारात्मक पहल बताया है।