Loading ...
बिलासपुर

बिलासपुर में पेट्रोल संकट गहराया, कई पंप हुए ड्राई; घबराहट में लोग करा रहे टंकी फुल

बिलासपुर। बिलासपुर में पेट्रोल संकट गहराने लगा है। शहर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म होने की स्थिति बन गई है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हालात ऐसे हैं कि लोग किसी भी संभावित कमी की आशंका से अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने में जुट गए हैं।


जानकारी के अनुसार नेहरू चौक, देवकीनंदन चौक समेत आसपास के कई पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेट्रोल की सीमित आपूर्ति की जा रही है। कई स्थानों पर बाइक चालकों को केवल 200 रुपये और कार चालकों को अधिकतम 1000 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा है।


स्थिति को गंभीर होता देख जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। कलेक्टर ने गुरुवार को पेट्रोल पंप एसोसिएशन की बैठक बुलाई है, जिसमें सप्लाई व्यवस्था और आम जनता को हो रही दिक्कतों पर चर्चा की जाएगी।


इस बीच फूड कंट्रोलर अमृत कुजूर ने बताया कि ऑयल कंपनियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-दो दिनों के भीतर स्थिति सामान्य हो सकती है और पेट्रोल की आपूर्ति फिर से सुचारु हो जाएगी।


पेट्रोल संकट की खबर फैलते ही शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। कई पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जबकि लोग जल्द से जल्द ईंधन भरवाने की कोशिश में जुटे रहे।