
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) अस्पताल में रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब NICU वार्ड के बाहर ड्यूटी पर तैनात गार्ड और एक हिंदूवादी संगठन के नेता के बीच विवाद हो गया। मामले में गार्ड के साथ गाली गलौज और अभद्रता का आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, हिंदूवादी संगठन से जुड़े राम सिंह ठाकुर NICU की ओर जा रहे थे। उसी दौरान वहां सफाई कार्य चल रहा था और फर्श पर पोंछा लगाया जा रहा था। ड्यूटी पर मौजूद गार्ड मनीष कश्यप ने उन्हें कुछ देर रुकने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर राम सिंह ठाकुर नाराज हो गए और गार्ड के साथ गाली-गलौज करते हुए उसका कॉलर पकड़ लिया। इस दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें गार्ड के गले की चेन और लॉकेट टूटने की बात सामने आई है।
वायरल वीडियो में राम सिंह ठाकुर अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर नाराजगी जताते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे डीन और स्वास्थ्य मंत्री को बुलाने की बात कहते हुए कर्मचारियों को आम लोगों से सही व्यवहार करने की नसीहत देते नजर आ रहे हैं।
डॉ लखन सिंह (मेडिकल सुप्रिटेंडेंट ,सिम्स हॉस्पिटल)
वहीं, राम सिंह ठाकुर का कहना है कि गार्ड ने उनसे दुर्व्यवहार किया और अपमानजनक लहजे में बात की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। उनका आरोप है कि अस्पताल के कुछ कर्मचारी मरीजों और परिजनों से ठीक व्यवहार नहीं करते।
इधर, सिम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. लखन सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अस्पताल का गार्ड भी संस्थान के स्टाफ का हिस्सा है और उसके साथ गाली गलौज, अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत पुलिस में की जाएगी ताकि कल ऐसी किसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।