
बिलासपुर। बिलासपुर के थाना सरकंडा अंतर्गत चौकी मोपका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 किलो गांजा के साथ 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो इलेक्ट्रिक ऑटो भी जब्त किए हैं। बरामद गांजा और वाहनों की कुल कीमत करीब 46 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 17-18 मई 2026 की दरम्यानी रात करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार महिलाएं रेलवे स्टेशन बिलासपुर की ओर से सीपत की तरफ भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रही हैं। सूचना के आधार पर मोपका चौकी पुलिस, ACCU टीम और गवाहों के साथ बिलासपुर-सीपत रोड स्थित सीमेंट कंपनी के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दो इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक CG 10 BS 7574 और CG 10 CC 3813 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 8 प्लास्टिक बोरियों और कपड़ों के गट्ठरों में छिपाकर रखे गए 86 पैकेट गांजा बरामद किए गए। सभी पैकेट खाकी टेप से लिपटे हुए थे। बरामद गांजा का कुल वजन करीब 90 किलो बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मटियारी थाना सीपत क्षेत्र की निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 716/26 के तहत धारा 20बी और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।