NEET-UG 2026 पेपर लीक के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को एनएसयूआई ने बिलासपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने किया।

एनएसयूआई ने केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और परीक्षा एजेंसी NTA पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। ज्ञापन के दौरान रंजीत सिंह ने कहा कि NEET-UG 2026 में हुआ पेपर लीक देश के लाखों छात्रों के सपनों पर हमला है और इसके लिए केंद्र सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार विफल हो रही है तथा छात्रों का भविष्य सुरक्षित नहीं रह गया है। रंजीत सिंह ने कहा कि “परीक्षा पे चर्चा करने वाली सरकार अब यह बताए कि परीक्षाएं सुरक्षित क्यों नहीं हैं। देश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।”
एनएसयूआई नेताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कई पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं। साथ ही उन्होंने National Testing Agency (NTA) को पूरी तरह विफल बताते हुए इसे तत्काल भंग करने और नई पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों की आत्महत्या के मामलों का जिक्र करते हुए एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों से छात्र मानसिक दबाव में हैं। संगठन ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विकास सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव लोकेश नायक, बेलतरा विधानसभा अध्यक्ष विक्की यादव, जिला उपाध्यक्ष सुमित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।