एलर्ट: लगातार बारिश के बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल की अपील: उफनते नदी-नालों और जलमग्न पुल-पुलियों से रहें दूर
बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि अनेक स्थानों पर पुल-पुलियों और सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है। ऐसे हालात में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।

कलेक्टर ने कहा कि जहां सड़क, पुल या पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा हो, वहां किसी भी परिस्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें। तेज बहाव का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है और थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने नागरिकों से केवल सुरक्षित एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की।

इस बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने भी नागरिकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनते नदी-नालों और पानी से डूबी सड़कों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें। पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से बैरिकेडिंग या पुलिस द्वारा बंद किए गए मार्गों को पार करने की कोशिश न करने तथा यातायात पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि “बरसात के इस दौर में सतर्कता, संयम और सुरक्षा निर्देशों का पालन ही सबसे बड़ा बचाव है। नागरिकों के सहयोग से ही संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।”
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।